लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सुशील कुमार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के निजी सहायक (सरकारी) के रूप में नियुक्त किए जाने को लेकर कार्यालय आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, सुशील कुमार की सेवा अगले आदेश तक या नेता प्रतिपक्ष की ओर से उन्हें वापस किए जाने तक संसदीय कार्य विभाग, बिहार को सौंपी जाती है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
18 सितंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि बिहार सचिवालय सेवा के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सुशील कुमार (कोटि क्रमांक-1951/2026) को तेजस्वी प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा के निजी सहायक (सरकारी) के रूप में नियुक्त करने के लिए उनकी सेवा संसदीय कार्य विभाग को सौंपी जाती है।यह व्यवस्था अगले आदेश तक अथवा नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा द्वारा सेवा वापस लिए जाने तक प्रभावी रहेगी।
संसदीय कार्य विभाग जारी करेगा आगे का आदेश
सरकारी आदेश में कहा गया है कि सुशील कुमार की नियुक्ति के संबंध में आगे की कार्रवाई संसदीय कार्य विभाग द्वारा की जाएगी। विभाग सामान्य प्रशासन विभाग के पूर्व के पत्र और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आदेश जारी करेगा।इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग से संबंधित 2 मार्च 2001 के पत्रांक-1169 का भी उल्लेख किया गया है।
विभागीय अधिकारियों को भेजी गई प्रति
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि तेजस्वी प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा के साथ-साथ महालेखाकार, संसदीय कार्य विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग के संबंधित अधिकारियों को भेजी है।इसके अलावा संबंधित कोषागार पदाधिकारी, प्रशाखा पदाधिकारी और सुशील कुमार को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की प्रति भेजी गई है।
विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश
आदेश की एक प्रति सामान्य प्रशासन विभाग के आईटी मैनेजर को भी भेजी गई है। उन्हें विभागीय वेबसाइट पर इसे अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।सामान्य प्रशासन विभाग के सरकार के उप सचिव मनोज कुमार के हस्ताक्षर से यह कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेश में सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति प्राप्त होने की बात भी दर्ज है।
