HomeBiharBihar STET 2026: आवेदन की तारीख बढ़ी, जानें कब तक भर सकेंगे...

Bihar STET 2026: आवेदन की तारीख बढ़ी, जानें कब तक भर सकेंगे फॉर्म

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी STET 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने STET 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है. अब अभ्यर्थी 22 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. पहले आवेदन की अंतिम तारीख 15 सितंबर निर्धारित की गई थी, जो आज मंगलवार को समाप्त हो रही थी. बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने इसकी जानकारी दी है

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस. एम. के मुताबिक STET 2026 में शामिल होने के लिए 15 सितंबर के पूर्वाह्न तक करीब 3.38 लाख अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन शुल्क के साथ अपना आवेदन जमा कर चुके हैं. आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारण से अब तक आवेदन पूरा नहीं कर सके हैं. अभ्यर्थियों को अब 22 सितंबर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का अतिरिक्त मौका मिलेगा.

बीएसईबी अध्यक्ष ने कहा कि STET 2026 परीक्षा का आयोजन नवंबर 2026 के प्रथम सप्ताह से संभावित है. हालांकि परीक्षा की अंतिम तारीख और विस्तृत कार्यक्रम बोर्ड की ओर से बाद में जारी किया जाएगा. परीक्षा के आयोजन को लेकर अभ्यर्थियों को बोर्ड की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा

STET में दो पेपर होते हैं. पेपर 1 माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9वीं और 10वीं में शिक्षक बनने की पात्रता के लिए होता है, जबकि पेपर 2 उच्च माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए होता है. STET के पिछले परीक्षा विवरण के अनुसार पेपर 1 में कुल 16 विषयों में परीक्षा होती है, जबकि पेपर 2 में 29 विषय शामिल हैं.

पेपर 1 में हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, बंगला, मैथिली, अरबी, फारसी, भोजपुरी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहित शारीरिक शिक्षा, संगीत, ललित कला और नृत्य जैसे विषय शामिल हैं. वहीं पेपर 2 में भाषाई विषयों के साथ गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीतिक विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, कृषि, गृह विज्ञान और संगीत जैसे विषयों में परीक्षा आयोजित होती है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments