HomeBiharबिहार बाढ़ पर राहुल गांधी ने जताई गहरी चिंता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से...

बिहार बाढ़ पर राहुल गांधी ने जताई गहरी चिंता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत-बचाव में जुटने की अपील

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच अब राहत और बचाव के साथ सियासत भी तेज हो गई है।एक ओर राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष सरकार पर पीड़ितों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार बाढ़ के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। उनके निशाने पर राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार भी है।

वहीं,बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरी चिंता जताई है। राहुल गांधी ने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की हरसंभव मदद करें।

राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में आई विनाशकारी बाढ़ में हुई जनहानि बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई संभव नहीं है। राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ उनकी पूरी सहानुभूति है।

राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आगे बढ़कर लोगों की मदद करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहत सामग्री पहुंचाने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील की। राहुल गांधी ने सरकार और प्रशासन से भी आग्रह किया कि राहत एवं बचाव अभियान पूरी तत्परता से चलाया जाए और प्रभावित परिवारों तक जरूरी सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।

आपको बता दें कि बिहार में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर के कारण राज्य के 15 जिलों में करीब 49.36 लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं। कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments