HomeBiharबिहार के 38 शिक्षकों को आज सम्मान देंगे सीएम सम्राट चौधरी, करेंगे...

बिहार के 38 शिक्षकों को आज सम्मान देंगे सीएम सम्राट चौधरी, करेंगे बाढ़ प्रभावित 3 जिलों का हवाई दौरा

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है। कई नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कई प्रमुख बैराजों से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया। बाढ़ प्रभावित जिलों के हालातों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज 5 सितंबर शनिवार को भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, साथ ही चल रहे बाढ़ राहत और बचाव कार्यों का जायजा भी लेंगे। आज सीएम सम्राट चौधरी शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य से चुने गए करीब 38 शिक्षकों को राजकीय शिक्षक पुरस्कार देंगे।

सीएम सम्राट चौधरी के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, गांधी मैदान, पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। यहां चुने हुए 38 शिक्षकों को राजकीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित करेंगे।

सीएम सम्राट चौधरी आज बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

हवाई सर्वेक्षण के जरिए मुख्यमंत्री जिले में बाढ़ के हालातों को अपनी आंखों से देखेंगे।

राज्य के ‘मुखिया’ सम्राट चौधरी IOCL गेस्ट हाउस, बेगूसराय में बाढ़ से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय के बाद मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर एवं नवगछिया बांध क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ प्रभावित जिलों के दौरान के बाद वापस पटना आ जाएंगे। यहां गांधी मैदान में आयोजित दही-हांडी सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।

सोन, कोसी और गंडक बैराज से छोड़ा जा रहा पानी

जल संसाधन विभाग के शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, बिहार के सोन, कोसी और गंडक बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा था। तीनों प्रमुख बैराजों में सबसे ज्यादा पानी का बहाव इंद्रपुरी स्थित सोन बैराज में दर्ज किया गया, जहां डिस्चार्ज में लगातार बढ़ोतरी देखी गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments