लाइव सिटीज, पटना: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में एक ही तरह के पेय पदार्थ के सेवन के बाद चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, बेढ़ना गांव में कुछ युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों की मौत हो गई। शुरुआती स्तर पर यह बात सामने आई कि सभी ने एक संदिग्ध पेय पदार्थ का सेवन किया था। इसी वजह से जहरीले पेय या शराब की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और अन्य जांच रिपोर्ट से ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। यदि जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि होती है तो उसके स्रोत और जिम्मेदार लोगों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
तेजस्वी यादव ने सरकार से मांगी जांच
घटना को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। तेजस्वी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और यह पता लगाया जाना जरूरी है कि लोगों तक संदिग्ध पेय पदार्थ कैसे पहुंचा।
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में गरीब और कमजोर वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
मंत्री ने भी दिए जांच के निर्देश
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाढ़ के एसडीएम को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने और वास्तविक कारण सामने लाने को कहा गया है।सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि जांच में यदि जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से मौत की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
