लाइव सिटीज, पटना: पटना में शिक्षक भर्ती से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों की समस्याओं को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाएगा। सरकार का प्रयास है कि छात्रों को अपनी शिकायतें और सुझाव रखने के लिए उचित मंच मिले और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके।
सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ शुरू करने की बात कही। इसके तहत हर महीने के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विद्यार्थी अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
इसके साथ ही छात्रों की शिकायतों को दर्ज करने और उनकी स्थिति जानने के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और हेल्पलाइन नंबर 1100 की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई है। सरकार का कहना है कि इन माध्यमों से विद्यार्थियों की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने की कोशिश की जाएगी।
वहीं, पटना में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन भी जारी है। प्रदर्शनकारी भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई मांगों को लेकर सरकार से स्पष्ट निर्णय की मांग कर रहे हैं। छात्रों के आंदोलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
अब मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का अगला कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजर है। छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से आगे क्या फैसला लिया जाता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
