लाइव सिटीज, पटना:बीपीएससी TRE 4 से पीटी-मेंस, निगेटिव मार्किंग हटाने और शत-प्रतिशत डोमिसाइल को लेकर छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से बढ़े छात्रों को रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर वाटर कैनन चलाया गया है। पुलिस ने लाठियां भी चटकाई हैं। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
सीएम आवास पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पर उन्हें रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग को छात्रों ने तोड़ दिया है।बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा पहुंच गए। वहां भी घेराबंदी तोड़ दी। हालांकि मेट्रो के लोहे की शील्ड के कारण छात्र वहां से आगे नहीं बढ़ पा रहे। पुलिस के समझाने का भी उनपर असर नहीं हो रहा।
इस बीच कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस डाकबंगला चौराहे पर एक्शन मोड में है।हालांकि जेपी गोलंबर के पास भी काफी प्रदर्शनकारियों काे रोका गया है। पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की चल रही है। वे डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने के प्रयास में हैं।
इससे पहले बैरिकेडिंग के एक हिस्से को तोड़कर कुछ छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारी छात्रों को रोकने के लिए सीआरपीएफ को भी उतारा गया है।
