लाइव सिटीज, पटना: रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार की ओर से महिलाओं को खास सौगात दी गई है। महिलाओं के सफर को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से पटना में एसी इलेक्ट्रिक पिंक बस सेवा की शुरुआत की गई है।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार में एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में पांच एसी इलेक्ट्रिक बसें राजधानी पटना और आसपास के शहरों के बीच चलेंगी। इन बसों को खास तौर पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक बस के रूप में संचालित किया जा रहा है।
ये सभी बस लो फ्लोर और बैटरी चालित हैं, जिससे महिलाओं को आराम के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है।
पथ परिवहन निगम के अनुसार, इन पांच एसी ई-पिंक बसों में से दो-दो बसें पटना से पालीगंज और बेली रोड के रूट पर चल रही हैं, जबकि एक बस पटना से बिहटा की ओर जा रही है।पथ निर्माण निगम के मुताबिक, बिहार को कुल 400 एसी इलेक्ट्रिक बसे मिलनी हैं, जिनमें से 50 पिंक बसें महिलाओं के लिए विशेष रूप से संचालित की जाएंगी।
