लाइव सिटीज, वैशाली: जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। बुधवार दोपहर को राघोपुर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अपराधियों ने एक युवक को सरेआम मौत के घाट उतार दिया। यह पूरी वारदात बिदुपुर से रुस्तमपुर को जोड़ने वाले सिक्सलेन पुल पर पाया नंबर 32 के पास अंजाम दी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी पहले से ही इस इलाके में घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही पीड़ित युवक अपनी बाइक से वहां से गुजरा, अपराधियों ने उसे घेर लिया और बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों द्वारा चलाई गई गोलियां सीधे युवक के सिर और पेट जैसे संवेदनशील अंगों पर लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अंशुमन कुमार ने अस्पताल पहुंचने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आसपास के पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर रुस्तमपुर थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और भारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आसपास के इलाके की घेराबंदी की और घटनास्थल से कारतूस के खोखे तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
