लाइव सिटीज, पटना: पटना के गांधी मैदान में बुधवार यानि आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से प्रस्तावित लोकभवन मार्च को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, नया ट्रैफिक प्लान सुबह 9 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, ताकि मार्च के कारण शहर में जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत एग्जीबिशन रोड में भट्टाचार्य चौराहा से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह एसपी वर्मा रोड से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को स्वामीनंदन तिराहा तक ही जाने की अनुमति होगी। इसके आगे उन्हें गांधी मैदान की ओर जाने नहीं दिया जाएगा।
बुद्धमार्ग पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छज्जूबाग से टीएन बनर्जी पथ, पुलिस लाइन से बैंक रोड और पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली-टी तक ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक रहेगी। इससे इन इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में यातायात का दबाव अलग दिखाई दे सकता है।
