लाइव सिटीज, पटना: सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम मंदिर के पास हुई भगदड़ ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे के बाद विपक्ष ने बिहार सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना पर दुख जताते हुए लखीसराय जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे। तेजस्वी यादव ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में जो माहौल बना और काफी लोगों की मृत्यु हो गई, यह पूरी तरह से जिला प्रशासन की जिम्मेवारी बनती थी कि व्यवस्था को ठीक रखा जाए। कहीं न कहीं जिला प्रशासन में गंभीरता की कमी दिखी है।
उन्होंने कहा कि हम हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रगट करते हैं। जिनकी भी इस हादसे में जान गई है सरकार उनके परिवार को मुआवजा देने का काम करे। हादसे के लिए जो भी लोग दोषी है, जांच कराने के बाद उनके ऊपर सख्त एक्शन होना चाहिए।
