HomeBiharझंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया, मुखिया के भांजे ने युवक...

झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया, मुखिया के भांजे ने युवक की गोली मारकर की हत्या; दहशत का माहौल

लाइव सिटीज, पटना: बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी करीब 26 वर्षीय वीरू कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, वीरू कुमार को मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया जुल्मी मुखिया के भांजे सोनू कुमार ने घर जाकर झंडा फहराने की बात कहकर बुलाया था। वीरू ने कहा कि वह स्नान-ध्यान करने के बाद आएगा। इसके बाद परिजनों के मुताबिक, जुल्मी मुखिया के दो अन्य भांजे अजीत कुमार और प्रिंस कुमार, जो शाहपुर में ही रहते हैं, वीरू को बुलाने उसके घर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए।

कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने वीरू के परिजनों को सूचना दी कि युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे के कारणों और घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments