लाइव सिटीज, पटना: 16 अगस्त को बिहार के उत्तरी जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने मोतिहारी, दरभंगा समेत 12 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, दक्षिण बिहार में अगले 24 घंटे तक झमाझम बरसात की संभावना कम है। कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार में भी मॉनसून कमजोर रहने के आसार हैं। राजधानी पटना में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 16 अगस्त को बिहार के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की है। इनमें पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), पश्चिम चंपारण (बेतिया), गोपालगंज, सीवान और सारण (छपरा) जिले शामिल हैं। लोगों से खराब मौसम में पक्के मकान की शरण लेने और पेड़-खंभों आदि से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
रविवार को उत्तर बिहार के 7 अन्य जिलों में येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। इसके तहत दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और मधुबनी जिले के कुछ इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
राजधानी पटना में 16 अगस्त को बादल छाए रहेंगे। रविवार को शहर में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 34 डिग्री और रात का 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने को संभावना है।
