लाइव सिटीज, औरंगाबाद: नगर थाना क्षेत्र के जीटी बाइपास ओवरब्रिज के पास महिंद्रा शोरूम के सामने गुरुवार भोर में करीब ढाई बजे यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस पर सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। इनमें पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।हादसे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि हंसराज नामक बस वाराणसी से झारखंड के पाटन (डालटेनगंज) जा रही थी। जीटी बाइपास ओवरब्रिज से डालटेनगंज की ओर जाने के लिए बस सर्विस रोड पर उतर रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज आवाज हुई और जीटी रोड का लोहे का डिवाइडर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है जबकि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
