लाइव सिटीज, पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सरकारी आवास को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह सरकारी बंगले में नहीं रहेंगे। उनका कहना है कि जिस आवास की सुविधा उन्हें मिलेगी, उसे जनता के लिए खुला रखा जाएगा।प्रशांत किशोर ने कहा कि यह घर सिर्फ उनके रहने के लिए नहीं होगा, बल्कि आम लोगों की समस्याएं सुनने और उनसे सीधे संवाद करने के लिए भी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने खास तौर पर बांकीपुर क्षेत्र की जनता के लिए इसे खुला रखने की बात कही।
विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना में जो सरकारी आवास मिला है, वहीं पर कार्यालय बनाया जा रहा है। आप वहां जा सकते हैं, आपकी कोई शिकायत है तो वहां आप बता सकते हैं। संपर्क सूत्र हमारा वही रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारे साथ यहां जो लोग जुड़े हुए हैं, उनके जरिए हम आप लोगों से जुड़े रहेंगे।
पीके ने कहा, ‘हम रहते हैं आश्रम में, बिहटा में। हम वहीं पर रहेंगे, लेकिन यहां पर जो घर, बंगला मिला हुआ है, वो बांकीपुर की जनता के लिए ही है। आपके काम के लिए ही है। वहीं पर आपके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है, जो अगले पांच-सात दिन में चालू हो जाएगी। अगर आप पर कोई संकट आ जाता है, कोई परेशाना आ जाती है तो वहां पर कॉल कर सकते हैं। आपकी मदद की जाएगी।
