लाइव सिटीज, मोतिहारी: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शिक्षा विभाग भले ही प्रतिदिन नए-नए दिशा-निर्देश और फरमान जारी कर रहा हो, ताकि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। ताजा मामला पूर्वी चंपारण (मोतीहारी) जिले के अरेराज प्रखंड से सामने आया है, जहां एक सरकारी शिक्षक का स्कूल अवधि के दौरान कुर्सी पर आराम से सोते और खर्राटे भरते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो अरेराज प्रखंड के अंतर्गत आने वाले नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, बलहा अहिरटोली का बताया जा रहा है। इस विद्यालय में कुल 45 बच्चे नामांकित हैं। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि गुरुजी बच्चों को पढ़ाने के बजाय कुर्सी पर गाढ़ी नींद में सोए हुए हैं और उनके खर्राटे गूंज रहे हैं।
स्थानीय लोगों और छात्रों के अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक की ऐसी ही लापरवाह कार्यशैली के कारण बच्चे पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों से आजिज़ आकर एक अभिभावक ने इस लापरवाही का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
