लाइव सिटीज, नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एकंगरसराय थाना क्षेत्र में अमनार खास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए।इससे चौक पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई.
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि श्याम प्रसाद निजी अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद शाम में बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तारापुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली गले में लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे.
घटना की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। वहीं,आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या के विरोध में सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
