लाइव सिटीज, रोहतास: रोहतास के जोगिया गांव में मजदूरी मांगने पर हत्या के मामले में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने मृतक चंदेश्वर चौधरी की पत्नी और बच्चों से मुलाकात की. शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
परिजनों से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने घटना पर दुख जताया और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए.
तेजस्वी यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह बिहार के डीजीपी से बात करेंगे. उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पटना लौटने के बाद वह डीजीपी से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे.
तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान आर्थिक सहायता भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि गरीब और मजदूरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत की मजदूरी मांगने जाने वाले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर देना किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि कोई सामंतवादी प्रवृत्ति का व्यक्ति गरीबों को धमकी देता है तो सभी लोगों को एकजुट होकर उसका जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे.
