HomeBiharपटना, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के इन जिलों में हिंसक हुआ...

पटना, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के इन जिलों में हिंसक हुआ प्रदर्शन, एसपी को भी लगी चोट

लाइव सिटीज, पटना: छात्रों द्वारा NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और हाल में हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को बुलाया गया बिहार बंद कई जिलों में हिंसक हो गया. बिहार के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए.

कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ. कहीं पथराव हुआ तो कहीं पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी. कुछ स्थानों पर हालात इतने बिगड़ गए कि लाठीचार्ज और फायरिंग तक करनी पड़ी.

राजधानी पटना में डाकबंगला चौराहा पूरे आंदोलन का मुख्य केंद्र बना रहा. यहां बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ. इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया. पटना के एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की गई.

बिहार बंद के दौरान सबसे गंभीर स्थिति सीवान में देखने को मिली. यहां प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाए, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन जब हालात नहीं संभले तो 10 राउंड से ज्यादा फायरिंग करनी पड़ी.

पटना, छपरा, सीवान, भागलपुर, औरंगाबाद, सीतामढ़ी, बेतिया और लखीसराय समेत आठ जिलों से पथराव और हंगामे की खबरें सामने आईं. कई जगह प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, जबकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया. दिनभर कई शहरों में तनाव का माहौल बना रहा.

छपरा में छात्रों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया. कुछ प्रदर्शनकारी सरकारी भवन पर चढ़ गए और वहां लगे पोस्टर फाड़ दिए. इस दौरान बैरिकेडिंग हटाकर ले जाते हुए भी लोग दिखाई दिए. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से यातायात प्रभावित हुआ. इसी दौरान एक जज की गाड़ी भी जाम में फंस गई, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

भागलपुर में भी प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही

लखीसराय में निकाले गए आक्रोश मार्च के दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले बहस हुई, फिर मामला झड़प तक पहुंच गया. पुलिस का आरोप है कि भीड़ की ओर से बोतल, चप्पल और ईंट-पत्थर फेंके गए. इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments