लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होगी जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव समेत सभी मंत्री, बिहार के पांचों घटक दलों के प्रमुख नेता, सभी विधायक और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे.
बैठक में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के करीब तीन महीने बाद सरकार के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. विभिन्न विभागों के प्रदर्शन पर फीडबैक लिया जाएगा और भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी. इस दौरान 2025 विधानसभा चुनाव में किए गए वादों पर अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा होगी.
बैठक का समय काफी अहम है क्योंकि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव नजदीक है. प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से एनडीए को चुनौती बढ़ गई है. भाजपा ने अभिषेक सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है. बैठक के बाद एनडीए घटक दलों के बीच पूर्ण एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में उतरने की संभावना है.
