लाइव सिटीज, पटना: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य पवन सिंह ने बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को लेकर बड़ा विजन पेश किया है. पवन सिंह ने कहा कि उनका सपना है कि बिहार में फिल्म सिटी बने, ताकि राज्य के कलाकारों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े. पवन सिंह ने कहा कि एक कलाकार होने के नाते वह चाहते हैं कि सिंगिंग और एक्टिंग का बड़ा केंद्र बिहार ही बने और यहां के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार और पहचान मिले.
पवन सिंह ने कहा, “जय भोजपुरी, जय बिहार. एक कलाकार होने के नाते मैं यही चाहूंगा कि मैं सिंगिंग और एक्टिंग बिहार में ही करूं. मेरी कोशिश होगी कि बिहार में फिल्म सिटी बने.” उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त संसाधन और अवसर नहीं होने के कारण कलाकारों को मुंबई और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि बिहार के युवा कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को राज्य में ही काम मिले. पवन सिंह ने कहा, “जो जूनियर और छोटे लड़के हैं, जिन्हें काम नहीं मिल रहा है, उन्हें बिहार में ही काम मिले. मेरी कोशिश होगी कि सभी को रोजगार बिहार में ही मिले.”
