लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित 10 सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. पटना स्थित विधान परिषद एनेक्सी में आयोजित समारोह में राजनीतिक और प्रशासनिक जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. शपथ ग्रहण की शुरुआत भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने की. उनके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, संजय मयूख, सुनील कुमार सिंह समेत सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली. सभी 11 जून को निर्विरोध निर्वाचित हुए थे.
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी मौजूद रहे. समारोह के दौरान सत्ता और विपक्ष के नेताओं की मौजूदगी चर्चा का विषय रही. मंच पर विजय चौधरी के बगल में तेजस्वी यादव बैठे नजर आए.
आपको बता दें कि विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव हुआ था. इन सीटों पर कुल 10 उम्मीदवारों ने ही नामांकन दाखिल किया, इसलिए सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए. इन सीटों में भाजपा और जेडीयू के चार-चार, जबकि राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक-एक उम्मीदवार शामिल थे.
