लाइव सिटीज, पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार का कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत आगामी 15 अगस्त, 2026 को राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर 30 हजार पात्र भूमिहीन परिवारों के बीच वासभूमि के बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सरकार गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अभियान बसेरा-02 के माध्यम से अब तक राज्य के 71,569 पात्र परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने की दिशा में बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र दिए जा चुके हैं। अब स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक और बड़े अभियान के जरिए हजारों नए लाभुकों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
राजस्व मंत्री ने बताया कि इस संबंध में विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी जिलों को लाभुकों की सूची का पुनरीक्षण कर अंतिम रूप देने, नए पात्र परिवारों का ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा 31 जुलाई, 2026 तक सभी बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र तैयार कर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न होगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। 15 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर आयोजित मुख्य समारोह अथवा विशेष शिविरों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में लाभुकों को प्रमाण-पत्र सौंपे जाएंगे।
