लाइव सिटीज, पटना: पटना सिटी के दीदारगंज थानाक्षेत्र के कर्मलीचक महुली रोड स्थित एक तेल, रिफाइन और डालडा के गोदाम में भीषण आग लग जाने से आसपास के इलाकों में अफरा तफरी मच गई. गोदाम के कर्मचारियों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दिए जाने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कवायद में जुटी है.
जानकारी के अनुसार दमकल की तीन दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कवायद में जुटी है, हालांकि अब तक आग पूरी तरह नहीं बुझ सका है. आगलगी में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान बताया जाता है, हालांकि नुकसान हुए संपत्ति का बाद में आकलन किया जाएगा. आगलगी का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से तेल के गोदाम में भीषण आग लग गई होगी. घटना बीते देर रात मध्य रात्रि का बताया जाता है. घटना के संबंध में पूछे जाने पर गोदाम के मैनेजर सुजीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते मध्य रात्रि गोदाम के गार्ड द्वारा गोदाम में आग लगने की सूचना पर जब वे अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे तो गोदाम में भीषण आग लगी हुई थी. उन्होंने बताया कि तत्काल पूरे मामले से पुलिस और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया गया.
