लाइव सिटीज, समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले में पुलिस की अपराधियों संग मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने इस दौरान तीन बदमाशों को गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि तीनों ही आरोपी चर्चित दिनेश हत्याकांड में आरोपी थे। बताया जा रहा है कि सीतामढ़ी में रीगा-परसौनी रोड पर मंगलवार देर रात तीनों बदमाश जुटे थे। पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने इन बदमाशों की घेराबंदी की। घेराबंदी को देख कर यह बदमाश बाइक से भागने लगे और इन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया।
भागने के दौरान इन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया और मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से तीनों ही बदमाश जख्मी हो गए। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल बदमाशों में सुनील कुशवाहा, मणि कुमार और इंदल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इसके पास से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, गोलियों से भरा बैग बरामद किया है। आरोपित लूट-हत्या जैसी वारदातों में भी वांछित थे। आपको बता दें कि करीब दो महीने पहले कुख्यात राकेश के भाई दिनेश की गोली मारकर हत्या हुई थी। यह तीनों ही बदमाश इस हत्याकांड में भी आरोपी थे।
जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल हुए तीनों ही आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दिनेश यादव हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई समेत अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।
