लाइव सिटीज, पटना: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है. विश्वविद्यालय द्वारा सूची मंगलवार देर शाम अपलोड की गई. चयनित विद्यार्थियों को 25 जून तक संबंधित कॉलेजों में नामांकन लेना होगा.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले 22 जून को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करने की बात कही थी, लेकिन सूची 23 जून की शाम करीब पांच बजे पोर्टल पर अपलोड हुई. इसके कारण जिला मुख्यालय के कॉलेजों में पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हो सका. इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय, राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय और महेश्वर नाथ महिला महाविद्यालय के प्राचार्यों के अनुसार विभिन्न विषयों में निर्धारित सीटों की तुलना में अब तक आधे से भी कम नामांकन हुए हैं. इसके बावजूद दूसरी चयन सूची में क्रमशः 100, 214 और 104 विद्यार्थियों के नाम जारी किए गए हैं, जिससे कॉलेज प्रशासन असमंजस की स्थिति में है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन के समय कॉलेज अलॉटमेंट लेटर, मैट्रिक एवं इंटर की अंकपत्र, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC), आधार कार्ड, अपार आईडी कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा. अन्य बोर्ड से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मूल माइग्रेशन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा.
