लाइव सिटीज, पटना:भोजपुर के भरत भूषण तिवारी की कथित मुठभेड़ में मौत का मामला लगातार चर्चा में है. अब इस मामले में भोजपुरी पावर स्टार और बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह की भी एंट्री हो गई है. पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया है. साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
अपने पोस्ट में पवन सिंह ने कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के लिए संघर्ष करने वाले जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति थे. उन्होंने लिखा कि भरत तिवारी हमेशा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाते थे. बाढ़ और कोरोना जैसी मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्होंने लोगों की मदद की.
पवन सिंह ने कहा कि जनहित के कई कार्यों में भरत तिवारी प्रशासन और समाज के लोगों के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाते थे.पवन सिंह ने कहा कि भरत तिवारी की मौत ने पूरे समाज को झकझोर दिया है. उन्होंने लिखा कि घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. यदि विभिन्न माध्यमों से सामने आ रही जानकारियां और वीडियो सही हैं, तो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है. उनका कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके.
पवन सिंह ने अपने पोस्ट में कानून और न्याय व्यवस्था का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है. कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है, जब हर मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने लिखा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए.
