लाइव सिटीज, पटना: नीट री एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दानापुर मंडल ने 21 जून को छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया. रेलवे के इस कदम का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.इन स्पेशल ट्रेनों में पटना जंक्शन से दरभंगा, बक्सर से पटना, पटना से बक्सर, जसीडीह से दानापुर, दानापुर से जसीडीह तथा पटना से गया के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी.
रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, पहली परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 जून को सुबह 4:30 बजे पटना जंक्शन से रवाना होकर सुबह 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी. दूसरी ट्रेन बक्सर से सुबह 6:30 बजे चलकर 9:15 बजे पटना पहुंचेगी. वहीं, तीसरी ट्रेन शाम 6:20 बजे पटना से रवाना होकर रात 9:05 बजे बक्सर पहुंचेगी.
इसके अलावा, चौथी स्पेशल ट्रेन जसीडीह से सुबह 3:40 बजे चलकर सुबह 9:00 बजे दानापुर पहुंचेगी, जबकि पांचवीं ट्रेन शाम 6:15 बजे दानापुर से रवाना होकर रात 11:00 बजे जसीडीह पहुंचेगी. छठी ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:00 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:00 बजे गया पहुंचेगी.
