लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मंत्री संजय कुमार सिंह ने मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र की योजनाओं एवं श्रावणी मेला तैयारियों की समीक्षा कीलोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह ने आज विभागीय मुख्यालय में मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से ‘हर घर नल का जल’ योजना, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल संरचनाओं के रख-रखाव, जलापूर्ति योजनाओं के संचालन, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान तथा जनशिकायतों के निष्पादन की स्थिति पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आम लोगों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मंत्री ने क्षेत्र में बंद पड़े सभी चापाकलों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल पेयजल का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं और उनकी कार्यशीलता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई जलापूर्ति योजना बंद पाई जाती है तो संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन हेतु कार्यरत ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री ने समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल संचालन में ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके मानदेय भुगतान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
माननीय मंत्री ने सेंट्रलाइज्ड ग्रीवांस रिड्रेसल सेल (CGRC), सहयोग शिविरों तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त जलापूर्ति संबंधी शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जनशिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। माननीय मंत्री ने निर्देश दिया कि कांवरियों की सुविधा एवं सेवा के लिए श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों पर आवश्यकतानुसार पंडाल स्थापित किए जाएं तथा वहां शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य करे।
भीषण गर्मी की परिस्थितियों को देखते हुए माननीय मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होना चाहिए। उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं की नियमित निगरानी एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसेवा के इस संकल्प को पूरा करने के लिए विभाग पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।बैठक में विभाग के प्रधान सचिव श्री राजेश कुमार, अभियंता प्रमुख-सह-विशेष सचिव श्री नित्यानंद प्रसाद सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
