HomeBiharबिहार में मौसम का कहर, ठनका गिरने से दो युवकों की मौत.....

बिहार में मौसम का कहर, ठनका गिरने से दो युवकों की मौत.. 15 जिलों में तेज बारिश-आंधी का येलो अलर्ट

लाइव सिटीज, अररिया: बिहार में मौसम पूरी तरह बदल गया है. कई जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है. अररिया जिले में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल है.

अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड के सैफगंज पंचायत में 22 वर्षीय टिवंकल कुमार खेत में भैंस चरा रहे थे. अचानक हुई बारिश और गरज के दौरान बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसी तरह रानीगंज प्रखंड के विक्टोरिया पंचायत के डुमरिया गांव में 12 वर्षीय मोहम्मद गुड्डू भी भैंस चराते समय वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गई. दोनों घटनाओं ने पूरे जिले में दहशत फैला दी है.

मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के उत्तर, उत्तर-पूर्व और पूर्वी हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां सक्रिय रहेंगी. सहरसा, दरभंगा, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, भागलपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और बांका सहित 15 जिलों में तेज बारिश हो सकती हैं.

मौसम विभाग ने उत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में आंधी-तूफान तथा वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है. शिवहर, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. किसानों और खुले में काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments