लाइव सिटीज, पटना: पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास और लालू प्रसाद यादव-राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, मीडिया से बातचीत में लालू प्रसाद यादव ने सुरक्षा और आवास से जुड़े विवाद पर कहा था कि, “सब कुछ नीतीश कुमार ही करवा रहे हैं।” लालू यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, “लालू जी मेंटली गड़बड़ा गए हैं। जब तक नीतीश कुमार सत्ता में थे, तब तक आप राबड़ी आवास में रहे। अब सरकार ने आपको अलग से व्यवस्थित जगह उपलब्ध करा दी है, फिर भी आप दबाव की राजनीति कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सब नीतीश कुमार करवा रहे हैं।” उन्होंने कहा, सुरक्षा व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों को खारिज करते हुए
अशोक चौधरी ने कहा कि सुरक्षा और आवास से जुड़े सभी निर्णय सुरक्षा समिति और पुलिस विभाग द्वारा तय किए जाते हैं। इसमें किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता है।
