HomeBiharबिहार में तेज आंधी-तूफान और ठनका का कहर! 27 जिलों में भारी...

बिहार में तेज आंधी-तूफान और ठनका का कहर! 27 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में कई दिनों से चली आ रही उमस भरी तपिश और लू के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. लोगों को पक्के मकानों में रहने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल हैं. इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की भारी संभावना है. प्रशासन ने इन इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव मानसून से पहले की गतिविधियों का नतीजा है. बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं आ रही हैं. तेज गर्मी और स्थानीय निम्न दबाव के कारण नमी बादलों में बदल रही है, जिससे तेज आंधी और बारिश हो रही है.

दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है और तेजी से आगे बढ़ रहा है. सामान्य स्थिति में अगले एक से दो सप्ताह में बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है. आमतौर पर 15 से 20 जून के बीच मानसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जाता है, जिसके बाद गर्मी से पूर्ण राहत मिलेगी.

पटना में सुबह से बादलों की आवाजाही है. धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश से उमस में काफी कमी आएगी.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments