लाइव सिटीज, गोपालगंज: जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित बंजारी बायपास के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी आकाश कुमार घायल हो गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अपराधी की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं. इस दौरान पुलिस की गोली आकाश कुमार के दोनों पैरों में लगी. गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी आकाश कुमार थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है. इलाके में उसकी पहचान एक कुख्यात अपराधी के रूप में थी. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
