लाइव सिटीज, पटना : पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती राबड़ी देवी को एक बार फिर से नोटिस आया है। नोटिस के अनुसार उनको पटना स्थित अपना पुराना सरकारी आवास 10, सर्कुलर रोड खाली करना होगा। विभाग की ओर से उन्हें नया बंगला आवंटित कर दिया गया है, लेकिन पुराना बंगला खाली न होने की वजह से अब विभाग ने इसे तुरंत खाली करने का नोटिस जारी किया है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, पटना केंद्रीय पूल का आवास संख्या-10 सर्कुलर रोड अब बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। विभाग ने इस संबंध में 27 मई 2026 को ही आधिकारिक पत्र जारी कर दिया था।
इससे पहले, विभाग ने पिछले साल 25 नवंबर 2025 को एक आदेश जारी किया था। इसके तहत बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष के नाते राबड़ी देवी के लिए आवास संख्या-39, हार्डिंग रोड तय करते हुए उन्हें आवंटित किया गया था। कई नोटिस के बाद भी उन्होंने अभी तक अपने पुराने बंगले (10, सर्कुलर रोड) को खाली नहीं किया है।
इस संबंध में विभाग ने अब स्पष्ट रूप से कहा है कि नेता प्रतिपक्ष नए आवंटित आवास 39, हार्डिंग रोड का कब्जा लें और पूर्व से उनके पास मौजूद 10, सर्कुलर रोड वाले बंगले को तुरंत खाली कर दें। इस संबंध में सक्षम स्तर से मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है।
