HomeBiharबिहार में एक और पुल पर मंडराया खतरा; खुश्कीबाग-गुलाबबाग ओवरब्रिज में आईं...

बिहार में एक और पुल पर मंडराया खतरा; खुश्कीबाग-गुलाबबाग ओवरब्रिज में आईं दरारें, भारी वाहनों की एंट्री पर बैन

लाइव सिटीज, पूर्णिया: बिहार में एक और पुल में दरारें दिखाई देने लगी हैं। पूर्णिया जंक्शन के पास बना यह पुल खुश्कीबाग और गुलाबबाग को आपस में जोड़ता है। वर्ष 2008 में 27 करोड़ रुपये की लागत से बना यह रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पिछले कई महीनों से जर्जर और बेहद खतरनाक स्थिति में है। 

पुल के खंभों और स्लैब पर कई जगहों पर चौड़ी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। भागलपुर की घटना से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने इस पुल को डैमेज घोषित कर दिया है और किसी बड़ी दुर्घटना को टालने के लिए इस पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

पुल की खतरनाक स्थिति को देखते हुए, पूर्णिया ट्रैफिक पुलिस ने कड़े कदम उठाए हैं। पुल के दोनों सिरों पर बड़े चेतावनी बोर्ड और मजबूत लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं। पूर्णिया के ट्रैफिक DSP रंजन कुमार सिंह ने बताया कि इस रेलवे ओवरब्रिज को आधिकारिक तौर पर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घोषित कर दिया गया है। पुल की नाजुक हालत को देखते हुए, ट्रक, बस और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पुल पर चौबीसों घंटे पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि कोई भी भारी वाहन जबरदस्ती पुल पार करने की कोशिश न करे। वहीं, कार, ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल जैसे छोटे वाहनों को फिलहाल पुल पार करने की अनुमति दी गई है। जबकि सभी भारी वाहनों का रास्ता बदलकर उन्हें बेलौरी बाईपास मार्ग से भेजा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments