लाइव सिटीज, बक्सर: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पुराना विवाह मंडप, रामरेखा घाट, बक्सर में विश्वामित्र सेना एवं गंगा आरती सेवा समिति ट्रस्ट, बक्सर के तत्वावधान में भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा रामरेखा घाट “हर हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठा।
विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने माँ गंगा की विधिवत आरती कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और सनातन संस्कृति की रक्षा की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं में गंगा आरती को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तथा श्रद्धालुओं की भीड़ देर शाम तक उमड़ती रही।
राजकुमार चौबे ने कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन सभ्यता की जीवनधारा हैं। उन्होंने कहा कि विश्वामित्र सेना सदैव सनातन जागरण एवं धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित रही है और आगे भी समाज को एकजुट कर ऐसे आयोजन करती रहेगी।
