लाइव सिटीज, पटना:बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। एक कड़े बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि समूचे बिहार की महिलाएं, बच्चे और आम नागरिक आज खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरते हुए सवाल उठाया कि सिर्फ डायलॉगबाजी से बिहार संभालने की गलतफहमी पाले बैठे ‘बयान बहादुरों’ की सरकार में पिछले एक महीने के भीतर ही बिहार से 8,681 बच्चे आखिर क्यों गायब हो गए?
तेजस्वी यादव ने गायब हुए बच्चों के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कुल लापता बच्चों में से 85 प्रतिशत केवल लड़कियां हैं, जो राज्य में महिला सुरक्षा की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में प्रतिदिन दुष्कर्म की कई जघन्य घटनाएं घट रही हैं और अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वे घर में घुसकर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पिछले कुछ ही दिनों के भीतर राज्य में 75 से अधिक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूरे जीवन में बार-बार राजनीतिक गमछा और चश्मा बदलने वाले असहाय मुख्यमंत्री अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ‘AI तकनीकयुक्त कैमरा’ तक का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि आर्टिफिशियल बातें करने वाले इन कृत्रिम मुख्यमंत्री को न तो बिहार की फिक्र है और न ही यहाँ के निवासियों की। राज्य के हर जिले में हर दिन हत्या, लूट, चोरी और स्वर्णकारों के साथ दिनदहाड़े डकैती की वारदातें आम हो चुकी हैं।
