HomeBiharभगवान वामन अवतार होंगे बंधनों से मुक्त, बक्सर में विश्वामित्र सेना की...

भगवान वामन अवतार होंगे बंधनों से मुक्त, बक्सर में विश्वामित्र सेना की ऐतिहासिक जीत

लाइव सिटीज, बक्सर: बक्सर की सनातन चेतना और गौरवशाली परंपरा को पुनर्स्थापित करने के लिए विश्वामित्र सेना के बैनर तले राष्ट्रीय संयोजक के नेतृत्व में चल रहा संघर्ष अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है। यह केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि सनातन अस्मिता की ऐसी क्रांति बन चुकी है, जिसकी गूंज अब सत्ता और शासन तक स्पष्ट रूप से सुनाई देने लगी है। इसी संघर्ष का एक ऐतिहासिक उदाहरण आज बक्सर की पावन धरती पर देखने को मिला, जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा भगवान वामन अवतार को जेल परिसर से मुक्त कराने की दिशा में पूजा-अर्चना की।

साथ ही उन्होंने रामेश्वरम मंदिर में भी विधिवत पूजन कर बक्सर की सनातन जड़ों और आध्यात्मिक विरासत को निकट से समझने का प्रयास किया। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि अब सरकार भी बक्सर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को लेकर सजग हो चुकी है तथा बक्सर को उसका वास्तविक गौरव दिलाने के लिए गंभीर प्रयास प्रारंभ हो चुके हैं।

बक्सर की सनातन धरोहर और महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि को पुनः विश्व पटल पर स्थापित करने का जो संकल्प विश्वामित्र सेना ने लिया था, अब वह एक नए अध्याय के रूप में आकार लेने लगा है।

इसकी शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में बक्सर की पहचान धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित होगी। विश्वामित्र सेना के लिए यह क्षण इसलिए भी विशेष है क्योंकि कुछ समय पूर्व समस्त

बक्सरवासियों के सहयोग से भगवान वामन अवतार को जेल परिसर से मुक्त कराने हेतु एक विशाल आयोजन किया गया था। उस समय राजकुमार चौबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि यदि भगवान वामन अवतार को बंधनों से मुक्त नहीं किया गया तो यह संघर्ष जनआंदोलन का रूप लेगा। आज बिहार सरकार द्वारा इस विषय की गंभीरता को समझना और हमारी मांगों को स्वीकार करना सनातन समाज की आस्था तथा संघर्ष की बड़ी विजय है।

इस अवसर पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि बक्सर में आज जो हुआ है, वह समस्त सनातन समाज और बक्सरवासियों के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण है। आज पूरे बक्सर में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। विश्वामित्र सेना इस बड़ी जीत का उत्सव मना रही है और हर सनातनी के मन में नई ऊर्जा एवं आगे की लड़ाई को और अधिक मजबूती से लड़ने का संकल्प जागृत हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी लड़ाई अभी लंबी है। हमें बक्सर में विश्वामित्र कॉरिडोर का निर्माण कराना है, एयरपोर्ट का सपना साकार करना है तथा बक्सर को धार्मिक राजधानी का दर्जा दिलाना है। अब विश्वामित्र सेना इन सभी संकल्पों को और अधिक सशक्त एवं संगठित तरीके से आगे बढ़ाएगी, ताकि बक्सर का सनातन वैभव पुनः सम्पूर्ण विश्व में अपनी दिव्य पहचान स्थापित कर सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments