लाइव सिटीज, पटना: बिहार में शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. सीएम सम्राट चौधरी ने शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है. सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के सभी बच्चों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसे लेकर हमारी सरकार लगातार प्रयासरत है. इस दिशा में आज शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अहम निर्देश दिए गए
सीएम सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले 5 वर्षों में बिहार में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष कम से कम लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. इसके लिए हर वर्ष जुलाई महीने में नियुक्ति संबंधी विज्ञापन जारी किया जाएगा.
शिक्षकों के स्थानांतरण को पारदर्शी एवं सुगम बनाने को लेकर शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि महिला शिक्षकों का स्थानांतरण यथासंभव गृह जिले के अपने प्रखंड के गृह पंचायत के बगल के पंचायत में हो. पुरुष शिक्षकों को गृह जिले के अपने गृह प्रखंड के बगल के प्रखंड में स्थानांतरण किया जाएगा.
सीएम ने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका के माध्यम से की जाए. इससे पोशाक की ससमय आपूर्ति के साथ महिला स्वावलंबन को भी बल मिलेगा.
सम्राट चौधरी ने शुक्रवार की शाम TRE 4 को लेकर बैठक बुलाई थी. इसी बैठक में शिक्षक बहाली को लेकर फैसला लिया गया. इस बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा करने के बाद सम्राट चौधरी ने अंतिम मुहर लगा दी है. अब अगले 5 साल में एक लाख शिक्षकों की बहाली होगी.
