लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी के उस बयान के बाद NDA के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जाहिर की थी। अब इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने NDA पर निशाना साधा है।
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने की इच्छा सिर्फ चिराग पासवान की नहीं है, बल्कि NDA में शामिल लगभग हर नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजर लगाए हुए है। उनके बयान को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन के भीतर संभावित दावेदारी और राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि चिराग पासवान के साथ-साथ जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा भी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं. इतना ही नहीं भारतीय जनता पार्टी में भी चार से पांच दावेदार हैं, जो सीएम बनना चाहते हैं. वहीं जनता दल यूनाइटेड में भी कुछ लोग ऐसे हैं, जिनकी नजर सीएम की कुर्सी पर है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि वहां कौन नहीं सीएम बनना चाहता है? उपेंद्र कुशवाहा जी बनना चाहते हैं, चिराग जी बनना चाहते हैं. जीतनराम मांझी जी बनना चाहते हैं. बीजेपी में तीन-चार लोग हैं, वो भी सीएम बनना चाहते हैं और जदयू में है, वो भी बनना चाहता है
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि तत्काल केंद्र सरकार तुरंत भारत सरकार की एक टीम बिहार भेजें और पूरे मामले को भारत सरकार की टीम आकर देखें. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि एयर फोर्स के माध्यम से पूरे बाढ़ ग्रस्त इलाकों में खाने का पैकेट गिराए जाए, क्योंकि हालत काफी खराब है.
