लाइव सिटीज, नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बार फिर मिड डे मील को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. नगरनौसा प्रखंड स्थित कैला मध्य विद्यालय में मिड डे मील खाने के बाद 50 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए. बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि विद्यालय में बच्चों को एनजीओ के माध्यम से मिड डे मील उपलब्ध कराया गया था. खाना खाने के कुछ देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते 50बच्चे बीमार हो गए, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार भीषण गर्मी की वजह से भोजन खराब होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए समय पर एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी. परिजन और स्थानीय लोग बीमार बच्चों को बाइक और पैदल ही अस्पताल लेकर पहुंचे. बताया जा रहा है कि स्कूल और अस्पताल के बीच करीब दो से ढाई किलोमीटर की दूरी है.
