लाइव सिटीज, बेगूसराय: बेगूसराय जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राजकीय कृत मध्य विद्यालय जहानपुर में एक छात्र की मौत विद्यालय की की कक्षा में लोहे की सरिया गिरने से हो गई. मृतक की पहचान जहानपुर निवासी फूलो यादव (या फूलो राय) के 13 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है जो इसी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था. बताया जाता है कि जिला प्रशासन और विद्यालय की लापरवाही के कारण यह घटना घटी है.
विद्यालय की कक्षा में लोहे की सरिया गिरने से छात्र की मौत मामले में जिला प्रशासन एवं विद्यालय की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है. घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राजकीय कृत मध्य विद्यालय जहानपुर की है.बताया जा रहा है कि मुन्ना कुमार कक्षा 8 का छात्र था और आज अन्य दिनों की तरह वह विद्यालय पहुंचा था. जैसे ही वह क्लासरूम पहुंचा उसके सिर के ऊपर लोहे की सरिया का बंडल (लगभग 3 क्विंटल वजन) गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षकों को बंधक बना लिया और मंसूरचक-बछवाड़ा पथ को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर तेघड़ा के एसडीओ राकेश कुमार, डीएसपी कृष्ण कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश करने लगे.आंदोलन कर रहे लोगों का कहना है कि सभी शिक्षकों पर हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए.
