लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम अभी सुहावना बना हुआ है. बारिश की वजह से लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिली है. इस बीच मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज बारिश बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
मौसम विभाग ने जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल है. बिगड़ते मौसम को देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों को खुले में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग की माने तो, अगले 48 घंटे तक बिहार में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. 6 मई को सिर्फ कुछ जिलों को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाले नमी वाली हवाओं की वजह से बिहार में प्री-मॉनसून जैसी स्थिति बनी हुई है.
