लाइव सिटीज, सीवान: सिवान जिले में बुधवार शाम एक मामूली रोड रेज विवाद ने खूनी रूप ले लिया. सिवान के पूर्व MLC और भाजपा नेता मनोज सिंह के भांजे 28 वर्षीय हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना लक्ष्मीपुर-आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास टाउन थाना क्षेत्र में हुई.
चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. सड़क किनारे कार खड़ी कर परिवार के अन्य सदस्यों का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी से सट गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई. बहस कुछ ही देर में इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी.
पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी की पहचान कर ली. आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी छोटू कुमार यादव (वीर यादव का पुत्र) के रूप में हुई है. पुलिस ने गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने भागने और फायरिंग करने की कोशिश की.
