लाइव सिटीज, मोतिहारी: अरेराज इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां गंडक नदी में नाव डूबने से दो लोगों के लापता होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
बताया जा रहा है कि गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया पिपरा गांव के सामने गंडक नदी में यह हादसा हुआ. दोनों भाई-बहन नाव से पशुओं के लिए चारा लाने गए थे, तभी अचानक नाव असंतुलित होकर नदी में डूब गई. हादसे के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
लापता लोगों की पहचान सरैया गांव निवासी 26 वर्षीय हीरालाल महतो और उनकी 16 वर्षीय बहन निभा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही अरेराज प्रभारी सीओ सह आरओ विनोद पांडेय और गोविंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. प्रशासन की ओर से SDRF टीम को बुलाने की प्रक्रिया जारी है ताकि लापता दोनों की तलाश तेज की जा सके.
