लाइव सिटीज, पटना: पटना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बिहार विधानसभा को उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल सामने आया. धमकी भरे इस मेल में दावा किया गया कि दोपहर 2:15 बजे साइनाइड गैस के साथ 13 आरडीएक्स IED का इस्तेमाल कर बड़े धमाके को अंजाम दिया जाएगा.
ईमेल में यह भी कहा गया है कि धमाके से पहले सभी विधायकों और आम जनता को भवन से बाहर निकाल लिया जाए. इस तरह की चेतावनी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. बिहार विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से कड़ा कर दिया गया है. हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है.
धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है. विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन अभियान चलाया जा रहा है. स्थानीय थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद है. हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की गई है.
