लाइव सिटीज, पटना: बिहार की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उठाए गए इस कदम ने सूबे की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू कर दिया है।
नीतीश कुमार के इस्तीफे पर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इसे बीजेपी की सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा- बिहार में बीजेपी का “ऑपरेशन फिनिश नीतीश” अब पूरा हो चुका है।
दावा किया गया कि नीतीश कुमार से उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन इस्तीफा लिया गया है। रोहिणी ने तंज कसते हुए लिखा, “चाचा जी ने जैसा बोया, वैसा ही पाया। कुर्सी के मोह में आज उनके हाथ से मुख्यमंत्री की कुर्सी और बिहार दोनों चले गए।”
