लाइव सिटीज , पटना: वंदे भारत एक्सप्रेस से एक व्यक्ति हादसे का शिकार हो गया. ट्रेन हॉर्न बजाते हुए बाढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से गुजर रही थी, इसी बीच एक शख्स खैनी थूकने के लिए पटरी की ओर बढ़ता है. थूकते ही ट्रेन भी स्पीड में उसके पास तक पहुंच जाती है. उसका सिर वंदेभारत से टकरा जाता है और वह घायल हो जाता है
स्टेशन पर इस हादसे के बाद अफरातफरी मच जाती है. उसे उठाकर रेलवे कर्मचारी अस्पताल की ओर भागते हैं. इस हादसे का वीडियो दूर बैठे एक शख्स ने बना लिया जो कि खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि ट्रेन हॉर्न बजाती हुई आ रही है लेकिन उस शख्स ने उस आवाज को नजरअंदाज कर दिया. उसके अनुमान से कहीं अधिकर रफ्तार में वंदेभारत उसके पास पहुंच चुकी थी और वह हादसे का शिकार हो चुका था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटना की ओर से आ रही अत्याधुनिक और तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन जैसे ही स्टेशन के करीब पहुंची, उसी दौरान एक व्यक्ति पटरी की तरफ चला गया. बताया जा रहा है कि वह खैनी थूकने के लिए ट्रैक की ओर गए थे. लेकिन अगले ही पल जो हुआ, वह बेहद भयावह था. तेज गति से आ रही ट्रेन का अंदाजा वह नहीं लगा सका और कुछ ही सेकंड में वह उसकी चपेट में आ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
