लाइव सिटीज, बक्सर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ आज बक्सर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने यहां 227 योजनाओं का शिलान्यास किया. इस पर 269 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इन योजनाओं में ग्रामीण इलाकों में सड़क, गली-नाली, सामुदायिक भवन, जल संसाधन और चेकडैम निर्माण जैसे प्रमुख काम हैं.
CM नीतीश ने पीरो, तरारी, संदेश, शाहपुर और गड़हनी प्रखंडों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी. इनमें चेकडैम निर्माण, आहर-पइन के जीर्णोद्धार और जीविका मार्ट सह प्रशिक्षण केंद्र जैसी योजनाएं शामिल हैं.
अपने संबोधन के दौरान नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भी तीखा हमला बोला. बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि पहिले वाला सब गड़बड़ था, 7 साल में हार गया, फिर अपनी पत्नी को बना दिया… सब गड़बड़ काम किया था, इन सबको याद रखिए. इस बयान के जरिए नीतीश ने एक बार फिर पुराने शासनकाल को मुद्दा बनाकर जनता को साधने की कोशिश की.
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बक्सर में लगे बड़े औद्योगिक निवेश को लेकर भी बड़ी बात कही. उन्होंने बताया कि नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में SLMG Beverages Pvt. Ltd. द्वारा 1200 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बॉटलिंग प्लांट लगाया गया है. यह प्लांट 65 एकड़ में फैला है और यहां कोका-कोला, स्प्राइट और थम्स अप जैसे ब्रांडों का उत्पादन होगा.
सम्राट ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पहले लोग मेड इन USA पीते थे, अब मेड इन बक्सर पिएंगे.
उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि बात कोल्ड्रिंक्स की हो रही है.
