लाइव सिटीज, पटना: बिहार में इन दिनों घरेलू रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में गैस सिलेंडर की किल्लत देखने को मिल रही है। इसी बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिसका असर सीधे नए उपभोक्ताओं और डबल सिलेंडर लेने वालों पर पड़ेगा।
कंपनियों ने फिलहाल नया एलपीजी कनेक्शन जारी करने और डबल सिलेंडर की सुविधा को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला गैस की सीमित आपूर्ति को देखते हुए लिया गया है। कंपनियों का मुख्य उद्देश्य यह है कि जो उपभोक्ता पहले से एलपीजी कनेक्शन से जुड़े हुए हैं, उन्हें समय पर गैस सिलेंडर मिल सके और उनकी जरूरतें पूरी हो सकें।
इस फैसले के बाद राज्य की सभी गैस एजेंसियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे सबसे पहले मौजूदा उपभोक्ताओं की बुकिंग पूरी करें। यानी अब गैस की आपूर्ति केवल बुकिंग के आधार पर ही की जाएगी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या पक्षपात की स्थिति न बने।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में पटना और बिहार के कई जिलों में रसोई गैस की मांग अचानक बढ़ गई है। वहीं दूसरी तरफ आपूर्ति प्रभावित होने के कारण कई जगहों पर संकट की स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं और सीमित सिलेंडर होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
